मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: कलेक्टर अर्पित वर्मा का औचक निरीक्षण, स्कूल में छात्रा को किया प्रेरित, बच्चों के साथ चखा मध्याह्न भोजन
शिवपुरी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने 16 अक्टूबर को भीमपुर और गोपलिया गांव का दौरा कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों, उप स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
छात्रा ने पूछा- कलेक्टर कैसे बने? कलेक्टर ने दिया सफलता का मंत्र
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सबसे पहले शासकीय हाई स्कूल भीमपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा 10वीं की एक छात्रा ने उनसे जिज्ञासावश सवाल किया कि सर, आप कलेक्टर कैसे बने? छात्रा के सवाल पर कलेक्टर ने उसे स्नेहपूर्वक मार्गदर्शन देते हुए प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए मेहनत, लगन और पढ़ाई के महत्व को समझाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं और 12वीं में मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी बुनियादी शिक्षा मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
गोपलिया के उप स्वास्थ्य केंद्र में देखीं स्वास्थ्य सुविधाएं
ग्रामीण दौरे के दौरान कलेक्टर ने गोपलिया स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, मरीजों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण और परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
बच्चों के लिए बनने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोपलिया का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रसोई कक्ष में भोजन तैयार करने की व्यवस्था देखी। बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच करने के लिए उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।
महिला स्व-सहायता समूह के कार्यों की सराहना
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गोपलिया की शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान भी पहुंचे। इस दुकान का संचालन स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। दुकान की व्यवस्थित एवं सुचारू कार्यप्रणाली देखकर कलेक्टर ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों को महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। समूह की महिलाओं ने भी कलेक्टर का स्वागत किया और आगे भी बेहतर ढंग से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
जमीनी व्यवस्थाओं की पड़ताल पर जोर
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत किए गए इस दौरे के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। औचक निरीक्षण का उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
P.NEWZ INDIA
पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
शिवपुरी | 17 अक्टूबर 2026