दशहरा पर्व को लेकर कोठी पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी संतोष तिवारी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
बस स्टैंड से बाजार होते हुए झाली चौराहे तक पुलिस ने किया भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के मद्देनजर कोठी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च की शुरुआत कोठी बस स्टैंड से हुई। पुलिस बल नगर के प्रमुख बाजार मार्गों से होते हुए झाली चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दशहरा पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नागरिकों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। कोठी पुलिस की इस सक्रियता से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में विश्वास कायम करने का संदेश दिया गया।