आगामी त्यौहार बारावफात के दृष्टिगत धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
शाहजहांपुर -पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन के सभाकक्ष में आगामी त्यौहार बारावफात के दृष्टिगत धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट शाहजहाँपुर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा नगर सर्किल के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के संबंध में धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से अपील की गई कि त्यौहार के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर सर्किल के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि बारावफात के दृष्टिगत अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करें। जुलूस/कार्यक्रम के निर्धारित मार्गों का पूर्व से निरीक्षण कर आवश्यक पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाए तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, जुलूस के दौरान यातायात प्रभावित न होने देने, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की निरंतर निगरानी करते हुए किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन करने हेतु भी निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि बारावफात का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देता है। जनपद में सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी सद्भाव के साथ त्यौहार मनाएं। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक के अंत में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों द्वारा जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।