Bihar news : रक्षाबंधन पर घर लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम। रक्षाबंधन के अवसर पर तमिलनाडु से अपने घर लौट रहे एक युवक की ट्रेन से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में रक्षाबंधन को लेकर खुशियां और तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया।
मृतक की पहचान बेतिया जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी बच्चा चौधरी के 19 वर्षीय पुत्र रोशन चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रोशन की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी आठ माह की एक पुत्री भी है।
मृतक के चाचा बृजकिशोर चौधरी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रोशन शादी के बाद मजदूरी करने तमिलनाडु चला गया था। रक्षाबंधन के अवसर पर वह ट्रेन से अपने घर रामनगर लौट रहा था। इसी दौरान कप्तानगंज और हुगली के बीच अचानक वह चलती ट्रेन से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की नजर घायल रोशन पर पड़ी। उसके पास मिले मोबाइल फोन से स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोशन को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। रेल पुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल के माध्यम से परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही रोशन के चाचा बृजकिशोर चौधरी आनन-फानन में कप्तानगंज पहुंचे। वहां से गंभीर रूप से घायल रोशन को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के शिवम हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान रोशन ने दम तोड़ दिया।
रोशन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रक्षाबंधन के मौके पर घर लौट रहे बेटे की मौत ने परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल दीं। वहीं, पत्नी और मासूम बच्ची को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।#RakshaBandhan #TrainAccident #TrainAccidentNews #Bettiah #WestChamparan #BiharNews #YouthDeath #RailwayAccident #Gorakhpur #Kaptanganj #TamilNadu #FamilyMourning #RoadToHome #BreakingNews #LatestNews #LocalNews #BiharNewsUpdate #HeartBreakingNews #RailwayNews #viralnews
Bettiah, West Champaran | Aug 28, 2026