कलेक्टर ने जनविश्वास अभियान अंतर्गत हरीक्षा में किया जनसंवाद
विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानी जमीनी हकीकत
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के पहले दिन कलेक्टर ने हरीक्षा के निर्माणाधीन पंचायत भवन में ग्रामवासियों से जनसंवाद किया और उनकी समस्याएं जानी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपस्थित ग्रामीणों की शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर आज ही दर्ज की जाएं। उन्होंने ग्राम सरपंच और पंचायत सचिव से पीएम आवास योजना सहित अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राशन दुकान की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों की प्रतिक्रिया जानी, जिसपर ग्रामीणों ने बताया कि सभी को सही वजन का राशन समय पर मिलता है।
कलेक्टर ने ग्रामवासियों को बताया कि ग्राम पंचायत के सीमित संसाधन होने के कारण ग्राम सभा से प्राथमिकता तय करवाकर पुल-पुलिया, सड़क और अन्य विकास कार्य करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य टिकाऊ होना चाहिए, जिसके लिए ग्राम सभा की निगरानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरीक्षा के पंचायत भवन का गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया जाए, जिससे ये भवन लम्बे समय तक खराब न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि नए पंचायत भवन में सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के संबंध में पेंटिंग की जाए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे ग्राम के पक्के मुख्य मार्ग पर अत्याधिक कीचड़ की समस्या निवारण के लिए ग्राम पंचायत के साथ मिलकर मिट्टी हटाएं। उन्होंने कहा कि सड़क पर गोबर फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए, और इसे खेत में ही डालने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के नेतृत्व में ग्रामीण अपने गांव को नशामुक्त बनाने के प्रयास करें।
कलेक्टर ने हरीक्षा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय हरीक्षा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर शिक्षण की गुणवत्ता जांचने के लिए विद्यार्थियों से पहाड़े और अन्य प्रश्न पूछे तथा शिक्षकों से पुस्तक, गणवेश, पानी जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय में पानी की टंकी की व्यवस्था करने और पुराने जीर्णशीर्ण विद्यालय भवन को गिरवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय के समीप स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनवाड़ी केंद्र हरीक्षा-2 का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम मेहगांव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#भिण्ड
#Bhind