अररिया, 05 जून 2026
जनता दरबार में 68 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। जनता दरबार में कुल 68 मामलों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सुनवाई के दौरान कुर्साकांटा प्रखंड के डहुआबाड़ी निवासी मो0 अली कलाम ने सरकारी जमीन को ग्रामीणों द्वारा बेचे जाने की शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत चिल्हहनियां पंचायत के मलहारिया गांव के ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर स्वास्थ्य उपकेन्द्र की भूमि को अतिक्रमण से बचाने तथा स्वास्थ्य उपकेन्द्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
रानीगंज प्रखंड के खरहट बारमोतरा निवासी कौशल्या देवी ने खरीदी गई केवाला भूमि को फर्जी व्यक्ति खड़ा कर बेच दिए जाने की शिकायत की। कुर्साकांटा प्रखंड के लक्ष्मीपुर निवासी जयनारायण पासवान ने लाल कार्ड की जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने का अनुरोध किया। नरपतगंज के गोखलापुर निवासी योगधार राम ने जमाबंदी में हुई प्रविष्टि त्रुटियों को सुधारने हेतु आवेदन दिया। वहीं बड़ेपारा निवासी राजेंद्र ऋषिदेव ने भूमि बंदोबस्ती की मांग की।
रानीगंज प्रखंड के गोपालपुर परिहर निवासी मो. सब्बीर बासित ने पर्चा निर्गत करने का अनुरोध किया, जबकि तिलकोबाड़ी निवासी उजलेफा खातून ने भूमि नामांतरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की। भगत टोला निवासी गोपी लाल ने रैयती भूमि को नियमों के विरुद्ध अयोग्य व्यक्तियों एवं ट्रस्ट के नाम किए जाने की शिकायत करते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। नगर परिषद अररिया के वार्ड संख्या-17 में लगभग चार माह पूर्व निर्मित सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
18 views | Araria, Bihar | Jun 5, 2026