योग दिवस की तैयारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा: नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने दिए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
*जनपद बस्ती, 20 जून 2026।* कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सचिव तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने की। बैठक में सर्वप्रथम 21 जून को होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इसके बाद डॉ. जैकब ने सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व व अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
*"जनहित सर्वोपरि, गुणवत्ता से समझौता नहीं"*
नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए।लंबित परियोजनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया।
*बाढ़ सुरक्षा के मानक शत-प्रतिशत पूरे हों*
डॉ. जैकब ने बाढ़ सुरक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिनेश कुमार को निर्देशित किया कि सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली आमजन केंद्रित होनी चाहिए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें।
*योग दिवस की तैयारियों का लिया जायजा*
बैठक के बाद नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने किया। बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, रश्मि यादव, शत्रुध्न पाठक सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
*हरि ओम प्रकाश*
*संवाददाता, कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jun 20, 2026