जिला जेल में गूंजा भाई-बहन के प्रेम का संदेश, 110 बंदियों से मिले 274 परिजन
#बरेली। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को जिला कारागार बरेली में बंदियों और उनके परिजनों के बीच मुलाकात का विशेष आयोजन किया गया। कारागार प्रशासन ने पर्व को लेकर विशेष व्यवस्थाएं करते हुए बंदियों को अपने भाई-बहनों और परिजनों के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर दिया।
कारागार में हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ बहनों के लिए राखी, रोली, दीपक और आरती की सामग्री उपलब्ध कराई गई। मुलाकातियों के लिए वाटर कूलर, वाटरप्रूफ टेंट, कारपेट और बैठने की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था में सहयोग दिया गया।
इस दौरान 110 बंदियों से 274 बहनें, भाई और बच्चे मिलने पहुंचे। परिजनों ने बंदियों की कलाई पर राखी बांधकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। जिला अपराध निरोधक समिति की ओर से मुलाकातियों के जलपान की व्यवस्था भी की गई।
वहीं, जिन बंदियों के परिजन रक्षाबंधन पर मुलाकात के लिए नहीं पहुंच सके, उनके लिए गरीब शक्ति दल की जिला अध्यक्ष चमेली देवी ने जेल पहुंचकर राखी बांधी। इस पहल ने पर्व के मानवीय और भावनात्मक पक्ष को और मजबूत किया।
जेल अधीक्षक डॉ. आलोक शुक्ला ने बताया कि कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के आदेश एवं पुलिस महानिदेशक कारागार उत्तर प्रदेश पीसी मीना के निर्देशानुसार रक्षाबंधन की व्यवस्थाओं को सुगम बनाया गया है, ताकि किसी बंदी या उसके परिजन को परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस विभाग के एक इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर, दो महिला सब इंस्पेक्टर, पांच हेड कांस्टेबल और चार महिला हेड कांस्टेबल ने सक्रिय सहयोग दिया। इस दौरान जेलर सुशील कुमार वर्मा सहित उपजेलर राघवेन्द्र सिंह वर्मा, वीरेश्वर प्रताप सिंह, सौमित्रदेव त्रिपाठी, देवदत्त, फार्मासिस्ट यादवेन्द्र मोहन तथा कारागार कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: कविता मौर्य
Bareilly news Live
#Viral #up #police