जालोर में 1 मिनट 40 सेकेंड में जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले : जालोर। शाह पूंजाजी गेणाजी स्टेडियम में मंगलवार को रावण दहन देखने के लिए शाम 5 बजे से ही शहरवासियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। चामुंडा माता मंदिर में शस्त्र पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेडियम पहुंची। भगवान श्रीराम के स्वरूप और चामुंडा माता मंदिर के महंत पवनपुरी महाराज की मौजूदगी में रावण दहन की तैयारी की गई। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे,
चामुण्डा माता मंदिर के महंत पवन पुरी महाराज व नगर परिषद सभापति बंसीलाल माली ने रिमोट से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया, जो करीब 1 मिनट 40 सेकेंड में जलकर राख हो गए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक आतिशबाजी हुई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी स्टेडियम में मौजूद रहे।
Jalor, Jalor | Oct 20, 2026