आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने पार्ले-जी फैक्ट्री में जाना उद्योग का कामकाज
👇👇👇👇👇
रांची । विद्यार्थियों को उद्योग जगत की व्यवहारिक जानकारी देने व उन्हें रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने के उद्देश्य से आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी, रांची के स्कूल ऑफ कॉमर्स व मैनेजमेंट की ओर से पार्ले-जी फैक्ट्री का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। "क्लासरूम से इंडस्ट्री तक, ज्ञान से अनुभव तक" थीम पर आयोजित भ्रमण में छात्रों ने बिस्किट निर्माण की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा व समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कच्चे माल की गुणवत्ता जांच, स्वचालित उत्पादन प्रणाली, आधुनिक बेकिंग तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, सप्लाई चेन मैनेजमेंट व वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। फैक्ट्री के विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी प्रतिष्ठित ब्रांड की सफलता के पीछे गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार, तकनीकी दक्षता व ग्राहकों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है।
पार्ले-जी प्लांट के निदेशक जगन्नाथ झा ने कहा कि उद्योगों को ऐसे युवा पेशेवरों की जरूरत है, जिनके पास मजबूत शैक्षणिक आधार के साथ व्यवहारिक समझ व समस्या समाधान की क्षमता हो। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट रखने की अपील की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रमुख अंकित प्रकाश, स्कूल ऑफ कॉमर्स व मैनेजमेंट की प्रमुख पूजा गुप्ता, डॉ. रंजीत कुमार, स्मिता सिन्हा, अनिमा व स्मृति समेत शिक्षक मौजूद रहे। कुलपति डॉ. एस. चटर्जी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा समय की आवश्यकता है। वहीं कुलसचिव डॉ. अमित कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से उद्योग व शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए नियमित रूप से इंडस्ट्री विजिट, इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट व प्लेसमेंट गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने भ्रमण को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे प्रबंधन की पढ़ाई को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
Chas, Bokaro | Jul 28, 2026