देवास में अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी विभाग की दबिश, 5 प्रकरण दर्ज
45 लीटर कच्ची शराब और 2,150 किलो महुआ लाहन जब्त, 2.25 लाख रुपये की सामग्री पर कार्रवाई
देवास। शहर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने 5 प्रकरण दर्ज करते हुए 45 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और 2,150 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर को मीरा बावड़ी, तोड़ी वार्ड, भवानी सागर, अंबेडकर नगर, प्रताप नगर, चंदाना और चाणक्यपुरी मल्टी सहित कई क्षेत्रों में गश्त और दबिश दी गई। इस दौरान अवैध मदिरा के निर्माण और संग्रहण से जुड़ी सामग्री जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पवार सहित आबकारी उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक, आरक्षक और नगर सैनिक शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।