देवास। माँ तुलजा भवानी और माँ चामुंडा की पावन नगरी देवास में ऐतिहासिक विसर्जन चल समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। आस्था, परंपरा और राजसी वैभव के संगम के रूप में आयोजित होने वाले इस समारोह में श्रद्धालुओं को कई आकर्षक दृश्य देखने को मिलेंगे।
जानकारी के अनुसार, चल समारोह की शुरुआत पंडितों के मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ होगी। समारोह के मार्ग पर लाल कारपेट बिछाकर माँ के रथों का स्वागत किया जाएगा। वहीं, पुलिस बैंड की प्रस्तुति, पुष्प वर्षा, आतिशबाजी और सलामी जैसे विशेष आयोजन समारोह की भव्यता को और बढ़ाएंगे। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारों की व्यवस्था भी की गई है।
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए देवास के महाराज श्रीमंत विक्रम सिंह पवार ने निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देवास की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखने वाले इस ऐतिहासिक चल समारोह को लेकर शहरवासियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
माँ तुलजा भवानी और माँ चामुंडा की अगवानी का यह अवसर देवास की आस्था, गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रतीक बनने जा रहा है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews