Public App Logo
लखनऊ में सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं, शिक्षकों की कमी पर किया चक्काजाम #लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की करीब 250 छात्राएं शिक्षकों की कमी और विद्यालय की अन्य अव्यवस्थाओं के विरोध में सड़क पर उतर आईं। बारिश के बीच छात्राएं करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पहुंचीं और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं का कहना था कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और बीमार होने की स्थिति में समुचित इलाज नहीं मिलने जैसी समस्याएं भी उठाईं। छात्राएं मौके पर जिलाधिकारी को बुलाकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की मांग पर अड़ी रहीं। छात्राओं के सड़क पर बैठने से दुबग्गा-कानपुर बाईपास पर यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। स्थिति संभालने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर छात्राओं को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्राएं अपनी मांग पर कायम रहीं। बाद में छात्राएं हजरतगंज की ओर पैदल बढ़ने लगीं। पुलिस ने उन्हें रोककर समझाने का प्रयास किया। इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। यह प्रदर्शन एक बार फिर सरकारी आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े करता है। #Lucknow #GenAlpha #StudentProtest #LucknowNews #SchoolEducation #DeoriaPost - Salempur News