स्लीपर बस में बिगड़ी यात्री की तबियत, किसी ने मौका ताड़कर पार कर दिया एक लाख रुपये से भरा बैग, सब स्टाफ बेहोशी की हालत में छोड़ गया पोरसा👇
दिल्ली से स्लीपर बस में सवार होकर घर लौट रहे एक यात्री का बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। बैग में एक लाख रुपये से अधिक की नकदी, मोबाइल फोन, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। यात्री को बेहोशी की हालत में पोरसा में छोड़ने का आरोप बस चालक और परिचालक पर लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुकथरी निवासी एवं वर्तमान में अंबाह में रहने वाले कल्याण शर्मा दिल्ली से स्लीपर बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। सफर के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। पीड़ित का आरोप है कि बस स्टाफ उन्हें बेहोशी की हालत में पोरसा में छोड़कर चला गया। जब उन्हें अपने बैग के गायब होने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए।
बैग में एक लाख रुपये से अधिक की नकदी सहित मोबाइल, कपड़े और जरूरी दस्तावेज थे। परिजनों ने अपने स्तर पर बैग और सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित सुबह पोरसा थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
पीड़ित ने बस चालक और परिचालक की भूमिका की जांच कर गायब सामान बरामद कराने की मांग की है। घटना के बाद स्लीपर बसों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा और बस स्टाफ की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।