बच्चों की हस्तनिर्मित राखियों से सजा रक्षाबंधन, डीएम-सीडीओ ने की सराहना
हरदोई। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कछौना एवं टड़ियावां के बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों ने पर्व की खुशियों को खास बना दिया। बच्चों ने मेहनत, लगन और उत्साह के साथ आकर्षक राखियां तैयार कीं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने इन राखियों को जिलाधिकारी अनुनय झा एवं मुख्य विकास अधिकारी के हाथों पर बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं आकांक्षा कक्षा 8, शोभा कक्षा 7, खुशी कक्षा 9, मान्या कक्षा 7 और अर्चना कक्षा 6 मौजूद रहीं। छात्राओं ने पिहानी ब्लॉक के बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियां अधिकारियों को पहनाईं।
बच्चों की हस्तनिर्मित राखियां देखकर जिलाधिकारी अनुनय झा ने उनकी रचनात्मकता, मेहनत और भावनात्मक जुड़ाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि नन्हे बच्चों द्वारा स्वयं राखियां तैयार करना उनकी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और सीखने की ललक को दर्शाता है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल की प्रशंसा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव को मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें चॉकलेट और उपहार प्रदान किए। जिलाधिकारी ने बच्चों के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए अपने हाथों से उन्हें मिठाई भी खिलाई। इस आत्मीय क्षण से बच्चियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और कार्यक्रम का माहौल स्नेह एवं अपनत्व से भर गया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र, डीसी संतोष कुमार, एसआरजी शशांक मिश्रा, शिवेंद्र सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
बच्चों की मेहनत से तैयार हस्तनिर्मित राखियों को कस्तूरबा की छात्राओं द्वारा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी तक पहुंचाकर पहनाने की यह पहल रक्षाबंधन पर स्नेह, सम्मान, संस्कार और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर संगम बन गई।
Bilgram, Hardoi | Aug 27, 2026