◆ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
◆ शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार
हनुमानगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने गुरुवार को भादरा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों करनपुरा, जोगीवाला, भिरानी, डाबड़ी, न्यांगल, निनान, छानी बड़ी एवं झांसल सहित गांधी बड़ी के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर हो रहे मतदान का अवलोकन किया तथा सुरक्षा व्यवस्था एवं निष्पक्ष निर्वाचन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने जिले में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कार्मिकों एवं पुलिस बल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्याशियों, उनके समर्थकों एवं आमजन से मतगणना और परिणाम घोषणा के दौरान शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। डॉ. यादव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन परिणाम घोषित होने के उपरांत विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से इसकी पालना सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक भीड़ एकत्र करने, रास्ते अवरुद्ध करने, भड़काऊ नारेबाजी करने तथा डीजे एवं आतिशबाजी के माध्यम से अशांति पैदा करने से बचें। सभी लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
______
Hanumangarh, Hanumangarh | Nov 6, 2026