सिंध नदी घाट लांच में अवैध रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार
कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े एवं एसपी मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई, अवैध अस्थायी पुल ध्वस्त
सेवढ़ा/लांच। जिले में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंध नदी के लांच घाट पर रेत माफियाओं द्वारा निर्मित अस्थायी पुल को तोड़कर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के निर्देशन तथा एसडीएम श्री अशोक अवस्थी एवं एसडीओपी श्री अजय चन्ना के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त लोगों द्वारा नदी में अस्थायी पुल का निर्माण कर भारी वाहनों एवं मशीनों की आवाजाही कराई जा रही थी। इस पुल के माध्यम से लंबे समय से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था, जिससे शासन को राजस्व की हानि होने के साथ-साथ नदी के प्राकृतिक स्वरूप एवं पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा था।
प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं सतत निगरानी के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने अवैध रूप से निर्मित अस्थायी पुल को मशीनों की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे अवैध उत्खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी लांच श्री शत्रुघ्न मिश्रा, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री आनंद भदौरिया, माइनिंग इंस्पेक्टर श्री संजय धाकड़ सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले एवं प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं राजस्व हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।