समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 19 जुलाई 2026
बक्सर में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया गया उद्घाटन
बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार जिला बैडमिंटन संघ बक्सर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का आयोजन दिनांक 19 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक इंडोर बैडमिंटन हॉल बक्सर में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन आज दिनांक 19 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं तथा भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता बक्सर, सहायक समाहर्ता बक्सर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा, बक्सर एवं वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बक्सर उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। श्री उमेश कुमार सिंह, सचिव, जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, विभिन्न प्रतियोगिता वर्गों तथा आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं श्री आशुतोष राय, वाइस सचिव, जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आगामी पाँच दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों के एकल एवं युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य के उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर प्राप्त होगा।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे इंडोर बैडमिंटन हॉल में खेल के प्रति उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
जिला खेल कार्यालय, बक्सर एवं जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर द्वारा प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
15 views | Buxar, Bihar | Jul 19, 2026