23 जून को अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करेंगे किसान.....
यमुनानगर।(राष्ट्रीय कदम) भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर 23 जून को किसान अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुंदयाना ने बताया कि प्रस्तावित कृषि समझौतों के तहत अमेरिका से अनाज, दूध एवं अन्य कृषि उत्पादों के बिना टैक्स भारत आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे देश के किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के तहत किसान सुबह 9 बजे कन्हैया साहिब चौक पर एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी किसान काली पट्टियां बांधकर पैदल मार्च करते हुए उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि सरकार इस प्रकार की ट्रेड डील को लागू करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए 25 जून को चंडीगढ़ में किसान एवं मजदूर संगठनों की संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाएगी।
नोट: यह जानकारी भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुंदयाना द्वारा दी गई।