जिला न्यायालय में उल्लास-2026 के तहत सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य, रंगोली और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह; विजेताओं को शील्ड, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
अनोखा तीर, हरदा। जिला न्यायालय परिसर में रविवार को उल्लास: एक अभिनव प्रयोग-2026 के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर एवं मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ कुर्सी दौड़, लेमन रेस, रस्साकशी, शतरंज एवं कैरम जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा भारतीय संविधान, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में कैरम में आशीष गहलोद ने प्रथम, अमित मालवीय ने द्वितीय और जाहिद खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज में रूपेन्द्र कुमार वंशकार प्रथम, महेन्द्र कुमार बडकुर द्वितीय और आशीष मवासे तृतीय रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सूर्यांश प्रताप सिंह एवं हर्षित शर्मा की जोड़ी ने संयुक्त रूप से प्रथम तथा मनस्व मोहन राजा एवं अविका राठौर ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
रस्साकशी में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार चौधरी की टीम प्रथम और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह की टीम द्वितीय रही। रंगोली प्रतियोगिता में दिव्यानी हरणे प्रथम, प्रियांशी सूर्यवंशी द्वितीय और देवश्री पाटिल तृतीय रहीं। नृत्य प्रतियोगिता में सुमेरा अली ने प्रथम, प्रियांशी ने द्वितीय और राव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में लक्ष्य पाटिल प्रथम, मनस्व मोहन राजा द्वितीय और नवीसा राठौर तृतीय रहे।
गायन प्रतियोगिता में कर्मचारियों की श्रेणी में अरुण कुमार हरणे प्रथम, कुलदीप एवं प्रशांत द्वितीय और मनीषा राजा तृतीय स्थान पर रहीं। बच्चों की श्रेणी में मनस्व मोहन राजा प्रथम, धर्मिष्ठा एवं शैलेन्द्र द्वितीय और प्रज्ञान सिंह तृतीय रहे।
कुर्सी दौड़ में कर्मचारियों की श्रेणी में त्रिलोक डोडे प्रथम, गुड़िया गोदानी द्वितीय और राजेश शर्मा तृतीय रहे। बच्चों में अर्थव गहलोद प्रथम, दिशा द्वितीय और गर्वित घोघरकर तृतीय रहे। वहीं न्यायाधीशों की श्रेणी में सुधीर कुमार चौधरी प्रथम, निमिष राजा द्वितीय और चंद्रशेखर राठौर तृतीय स्थान पर रहे।
लेमन रेस में कर्मचारियों की श्रेणी में कुलदीप बघेल प्रथम, अभिषेक शर्मा द्वितीय और गोपाल सिंह तृतीय रहे। बच्चों की श्रेणी में हर्षित शर्मा प्रथम, दिशा पाटिल द्वितीय और सूर्यांश प्रताप सिंह तृतीय रहे। न्यायाधीशों की श्रेणी में लवकेश सिंह प्रथम, चंद्रशेखर राठौर द्वितीय और संजीव राहंगडाले तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी ने शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेश कुमार सूर्यवंशी सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने किया। आयोजन का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यस्त दिनचर्या के बीच मनोरंजन, शारीरिक सक्रियता, आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ावा देना रहा।
Harda, Harda | Nov 16, 2026