फागू में शिक्षा मंत्री की बड़ी घोषणाएं, 15 हजार शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य।
राजगढ़, सिरमौर। फागू में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षा और खेल क्षेत्र को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के मौजूदा कार्यकाल में 15 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य है। करीब 9 हजार पदों पर भर्ती हो चुकी है, जबकि लगभग 6 हजार पदों पर प्रक्रिया जारी है।
फागू स्कूल को पीएम श्री स्कूल, डे-बोर्डिंग स्कूल और स्पोर्ट्स हॉस्टल की सुविधा देने की मांग पर भी शिक्षा मंत्री ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव आने पर फागू विद्यालय का विशेष ध्यान रखा जाएगा। वहीं, स्कूल की छत की मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 की गई है और करीब 125 खिलाड़ियों को खेल कोटे से रोजगार दिया गया है। इस वर्ष हिमाचल में वॉलीबॉल, हैंडबॉल और कबड्डी सहित राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
कार्यक्रम से पहले शिक्षा मंत्री ने फागू स्थित शिरगुल महाराज की तपस्थली में पूजा-अर्चना भी की।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।
Shimla Urban, Shimla | Sep 7, 2026