राजगढ़, सिरमौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजगढ़ में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित डॉ. कृष्णलाल सहगल के सम्मान में विशेष गुरु सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में शिष्यों ने शास्त्रीय संगीत, गजल, भजन और हिमाचली लोकगीतों व नाटियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपने गुरु को अनूठी गुरु-दक्षिणा दी। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सहगल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
गुरु वंदना से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, "मेरे नई शावरे जाणा बापुया" की भावुक प्रस्तुति ने डॉ. सहगल की आंखें नम कर दीं।
समारोह में नॉन-स्टॉप नाटियों ने भी खूब रंग जमाया और कलाकारों के साथ दर्शक भी झूम उठे।
अपने सम्मान से अभिभूत डॉ. कृष्णलाल सहगल ने कहा कि शिष्यों का यह स्नेह उनके लिए किसी भी पुरस्कार से बढ़कर है। उन्होंने कलाकारों को निरंतर संगीत साधना जारी रखने और अपनी कला व सम्मान की रक्षा करने का संदेश दिया।
उन्होंने मेलों और समारोहों में कलाकारों को पर्याप्त समय और सम्मान न मिलने पर चिंता जताते हुए आयोजकों से कलाकारों को पूरी प्रस्तुति का अवसर देने की अपील की।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।
Shimla Urban, Shimla | Sep 6, 2026