केंद्रीय विश्वविद्यालय के सप्त सिंधु परिसर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित #kangralive #dehra #cuhp
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम में दिलाई गई स्वच्छता की शपथ, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प
देहरा। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के सप्त सिंधु परिसर, देहरा में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता के दौरान भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान के तहत शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में समाज कार्य विभाग, समाजशास्त्र विभाग, कश्मीर अध्ययन केंद्र एवं दृश्य कला संकाय के अधिष्ठाताओं सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, सह-आचार्य, सहायक आचार्य, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
सप्त सिंधु परिसर, देहरा की नोडल अधिकारी प्रो. शशि पूनम ने कहा कि स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे सामुदायिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, सप्त सिंधु परिसर के निदेशक प्रो. संजीत सिंह ठाकुर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और समाज में स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल ने वार्षिक खेल प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को भी रेखांकित किया।
Kangra, Kangra | Oct 28, 2026