चंद्रमणी कुलेठी ने उठाई होली घाटी के बच्चों के बेहतर भविष्य की आवाज, CBSE संबद्धता पर मंत्री से की चर्चा
होली, 27 सितंबर।
होली घाटी के दौरे पर पहुंचे राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने PM SHRI राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होली का निरीक्षण किया। इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी ने मंत्री के समक्ष होली स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध करने की मांग प्रमुखता से रखी।
चंद्रमणी कुलेठी ने कहा कि दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्र होली घाटी के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा के अवसर अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्कूल को CBSE से संबद्ध किया जाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस मांग को गंभीरता से सुना तथा इस दिशा में सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। कुलेठी ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होली घाटी के बच्चों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
चंद्रमणी कुलेठी ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के नए द्वार खोलने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि होली स्कूल को CBSE से संबद्ध करने की दिशा में जल्द सकारात्मक पहल होगी।