बालों की सुंदरता के साथ सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी : तालीम खान
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: डीएवी कॉलेज के रूपसज्जा विभाग की ओर से छात्राओं को बालों की उचित देखभाल, स्वच्छता और उपचार की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं को बालों एवं सिर की त्वचा की संरचना, विभिन्न प्रकार के बालों की पहचान तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार देखभाल के तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में खान ब्रदर्स सैलून एंड एकेडमी के संचालक तालीम खान मुख्य वक्ता रहे। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुरिंदर कौर तथा रूपसज्जा विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमनप्रीत कौर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
तालीम खान ने कहा कि स्वस्थ और सुंदर बालों के लिए केवल बाहरी सुंदरता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सिर की त्वचा की स्वच्छता, संतुलित पोषण और नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को तैलीय, शुष्क और सामान्य सिर की त्वचा की पहचान करने तथा उसके अनुरूप देखभाल की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण के दौरान बाल धोने की सही विधि, शैंपू और कंडीशनर के उचित प्रयोग, तेल लगाने की तकनीक तथा बालों की स्थिति के अनुसार हेयर मास्क के चयन की जानकारी दी गई। इसके अलावा रूसी, रूखापन, अत्यधिक तैलीयपन, बाल टूटने और बाल झड़ने जैसी सामान्य समस्याओं के कारणों एवं बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई।
छात्राओं को बालों और सिर की त्वचा का निरीक्षण करने, उपयुक्त उत्पाद का चयन करने तथा व्यक्ति की आवश्यकता के अनुसार देखभाल प्रक्रिया निर्धारित करने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी सेवा से पहले ग्राहक की आवश्यकता को समझना और बालों व सिर की त्वचा का उचित निरीक्षण करना आवश्यक है।
विभाग की प्राध्यापिका योजना गोंदी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में व्यावसायिक कौशल, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. परमेश कुमार ने सहयोग दिया।