हिन्दू गर्ल्स कॉलेज जगधारी में महिला सुरक्षा पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन
हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी में जिला उच्चतर शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत “सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान” के तहत महिला सुरक्षा विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों तथा स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मोनिका खुराना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल महिलाओं की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में तुरंत उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. स्वाति गेरा ने महिला सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में 80 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।