न्यू हमीदा कॉलोनी में निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान
कचरा हटाने के साथ नालियों की करवाई सफाई, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
यमुनानगर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम द्वारा वार्ड नंबर-15 की न्यू हमीदा कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, वार्ड पार्षद मनु कृष्ण सिंगला एवं स्नेह सेवा ट्रस्ट की संस्थापक ममता सेन ने झाड़ू लगाकर किया। इस दौरान नगर निगम की सफाई टीमों ने विभिन्न स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र में जमा कचरे को हटाया।
अभियान के दौरान कॉलोनी की नालियों की भी विशेष सफाई करवाई गई। सफाई के दौरान निकले कचरे को एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। नगर निगम कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थानों, गलियों और नालियों के आसपास सफाई कर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया। पार्षद मनु कृष्ण सिंगला और मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उनसे कचरा इधर-उधर न डालने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा देने की अपील की गई। लोगों को अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। गोविंद शर्मा ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छता अभियानों को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है। निगम की ओर से लोगों से स्वच्छता ही सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग देने की अपील की गई। मौके पर सफाई निरीक्षक सतबीर सिंह, एसबीएम टीम के विशेषज्ञ आकाश कुमार, दुर्गेश कुमार, गगन बेनीवाल, नगर निगम के सफाई कर्मचारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
न्यू हमीदा कॉलोनी में सफाई करते पार्षद, निगम कर्मी व अन्य।