जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर कुमार गौरव ने समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अधिकतम जन-भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनसहभागिता का महाअभियान है, जिसे जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाया जाना चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अधिकाधिक घरों एवं संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना, ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष का व्यापक आयोजन करना तथा फ्लैग कोड के नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वंदे मातरम्’के 150वें वर्ष विषय पर क्विज प्रतियोगिता, चर्चा-परिचर्चा एवं राष्ट्रभक्ति आधारित गतिविधियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत एवं वार्ड स्तर तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्रत्येक नागरिक को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाए। आईसीडीएस के माध्यम से भी आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे।
Musahri, Muzaffarpur | Aug 4, 2026