शिमला के स्केटर्स ने दिखाया दम, चैंपियनशिप में 15 पदक झटके
ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज में हुई 11वीं ओपन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप, हिमाचल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
शिमला, 27 सितंबर। ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज में आयोजित 11वीं ओपन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शिमला के युवा स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में 15 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन गगन स्पोर्ट्स सेंटर पंजाब की ओर से किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 224 लड़के और लड़कियां शामिल हुए।
प्रतियोगिता में शिमला की चेतना सूद ने अंडर-8 क्वाड्स वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसी वर्ग में अनैशा ठाकुर ने स्वर्ण और ऐश्विका शर्मा ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-10 वर्ग में तेजस्वी कुठियाला ने स्वर्ण और स्वरांजलि ठाकुर ने रजत पदक अपने नाम किया।
अंडर-14 वर्ग में यांगक्ये नेगी ने रजत पदक जीता, जबकि जोआन टाटुंग ने 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
लड़कों के वर्ग में भी शिमला के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-8 में मृत्युंजय चौहान ने कांस्य, जबकि अंडर-10 में रेवंथ चौहान ने रजत पदक जीता। अंडर-12 वर्ग में अव्युक्त ठाकुर ने स्वर्ण और हेरंब रांटा ने रजत पदक हासिल किया।
वहीं अंडर-14 वर्ग में कुणाल ठाकुर ने रजत, जबकि सार्थक अग्रवाल और जहान जसवाल ने कांस्य पदक जीते।
प्रतियोगिता के आयोजन में गगन, पंकज प्रभाकर, रॉकी, नवनीत, सतीश और अरुण कुमार सहित आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता ने प्रदेश के युवा स्केटर्स को दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी दिया।