वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर किन्नौर में कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी-शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
रिकांगपिओ, 28 सितंबर। जिला मुख्यालय में सोमवार को कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की तथा पुतले जलाए।
प्रेस बंधुओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निगम भंडारी ने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी लोकतंत्र की हत्या है और यह मोदी, शाह तथा ज्ञानेश कुमार की शह पर की जा रही है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और अब इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग के भीतर उठी आपत्तियों ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है।
निगम भंडारी ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने एसआईआर से जुड़े विभिन्न फैसलों को लेकर 10 महीनों में कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कीं। रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन में चार बार भी आपत्तियां दर्ज की गईं। नए मतदाताओं के लिए फार्म-6 में किए गए बदलाव और मतदाता डाटा के केंद्रीकरण को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव किया और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की जगह चयन प्रक्रिया में केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य को शामिल किया। निगम भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी की असहमति के बावजूद ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से जुड़े मामलों में पारदर्शिता के सवाल उठने के बावजूद केंद्र सरकार ने चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने का काम किया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने चुनाव से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग उठाई तो चुनाव आयोग की ओर से महिलाओं की निजता का हवाला दिया गया।
निगम भंडारी ने कहा कि देश की जनता चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग से जुड़े सवालों को जनता के सामने उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करेगी।