हरदोई: शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा बीबी जेई मोहल्ले में बंद पड़े मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रिटायर्ड नलकूप ऑपरेटर आरिफ खान के घर से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और लगभग 25 से 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि आरिफ खान सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के लिए परिवार सहित मकान बंद कर लखनऊ गए थे। इलाज के बाद वापस लौटने पर घर के कमरों के ताले टूटे मिले और बक्सों व अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि चोर नकदी और कीमती जेवर समेटकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
Hardoi, Hardoi | Jun 29, 2026