देवास। उपभोक्ता अधिकारों और ग्राहक सेवा के दावों के बीच देवास बायपास स्थित भगवती प्रेस्टीज मोटर्स महिंद्रा एजेंसी पर एक ग्राहक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वाहन मालिक ठाकुर सुरेंद्र सिंह का कहना है कि उनकी बोलेरो गाड़ी में लोड नहीं लेने की समस्या थी, जिसे ठीक कराने के लिए उन्होंने एजेंसी के सर्विस सेंटर पर भरोसा किया, लेकिन एक महीने बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
सुरेंद्र सिंह के अनुसार शुरुआत में उन्हें लगभग 14 हजार रुपये खर्च बताए गए थे, लेकिन काम पूरा होने के बाद 24 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। विरोध करने पर डिस्काउंट के नाम पर राशि कम की गई, लेकिन गाड़ी की खराबी दूर नहीं हुई। इसके बाद दोबारा गाड़ी सर्विस सेंटर पहुंची तो एक और बिल थमा दिया गया। ग्राहक का आरोप है कि हजारों रुपये वसूलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
पीड़ित का कहना है कि पिछले एक महीने में उनकी गाड़ी 10 से अधिक बार एजेंसी पहुंच चुकी है। हर बार "इस बार समस्या खत्म हो जाएगी" कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया, लेकिन अगले ही दिन वही खराबी सामने आ जाती है। गाड़ी व्यावसायिक उपयोग में होने के कारण उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्राहक ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा कई पार्ट्स बदलने का दावा किया गया और उनका बिल भी लिया गया, लेकिन गाड़ी की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि मरम्मत का भुगतान लेने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि एजेंसी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन कोई भी लिखित में जवाब देने या जवाबदेही लेने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि घंटों तक बैठाने के बाद भी उन्हें सिर्फ अगली तारीख और नया भरोसा दिया जाता है।
अब पीड़ित ग्राहक ने न केवल गाड़ी की समस्या का स्थायी समाधान बल्कि एक महीने से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की भी मांग की है। मामले ने एक बार फिर उपभोक्ता अधिकारों और वाहन सर्विस सेंटरों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(नोट: यह आरोप वाहन मालिक द्वारा लगाए गए हैं। एजेंसी या संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking