उदयपुर। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने उदयपोल रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क क्षेत्र में बाधा बन रहे अवैध कब्जों और सामान को हटाकर रास्ता खाली कराया।
कार्रवाई के दौरान सड़क के बीच स्थित एक पेड़ को भी हटाया गया। निगम की टीम ने सड़क के हिस्से में किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात और आवाजाही के लिए जगह खाली कराई।
उदयपोल रेलवे स्टेशन के बाहर का क्षेत्र यात्रियों और वाहनों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में निगम की कार्रवाई के दौरान मौके पर हलचल देखने को मिली। निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया और क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस स्थान पर नाले का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क के साइड में नाली निर्माण के लिए जगह की जरूरत है, लेकिन वहां कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इसी वजह से निगम की टीम ने अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम के साथ सूरजपोल थाना पुलिस भी मौजूद रही।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026