सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ जागरूकता अभियान
बड़वानी, 14 जुलाई 2026/ मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा संचालित ‘‘ सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ ‘‘ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को नगर स्थित नर्मदा कॉन्वेंट स्कूल बड़वानी में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका की स्वच्छता आईईसी टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय संचालक एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर की उपस्थिति में लगभग 500 छात्र-छात्राओं तथा
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
आईईसी टीम ने विद्यार्थियों को अपने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने, नियमित रूप से साबुन अथवा हैंडवॉश से हाथ धोने तथा स्वच्छ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की जानकारी देते हुए गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
नगर पालिका परिषद बड़वानी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं रोगमुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
#JansamparkMP
#Badwani