ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कनवास में की 'चाय पर चर्चा'; मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर किया जनसंवाद
जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को किया साझा; जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कनवास।
केन्द्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कनवास क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं के साथ 'चाय पर चर्चा' की। ऊर्जा मंत्री ने इस अनौपचारिक और आत्मीय संवाद के माध्यम से सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुँचाया और क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की नीतियां पूरी तरह से गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण को समर्पित रही हैं। उन्होंने 'चाय पर चर्चा' के दौरान उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी युगांतरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के सीधे लाभ पहुँच रहा है। देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और वैश्विक पटल पर बढ़ते मान-सम्मान का श्रेय उन्होंने मोदी सरकार की सुदृढ़ इच्छाशक्ति को दिया।
ऊर्जा मंत्री नागर ने जनसुनवाई की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क और स्थानीय समस्याओं से जुड़े अभाव-अभियोग मंत्री के समक्ष रखे। हीरालाल नागर ने संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक परिवादी की बात को सुना और मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस जनसंपर्क अभियान और जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
Sangod, Kota | Jun 20, 2026