ग्राम हथौरिया में खन्नौत नदी पर 1874.81 लाख रुपये की लागत से सेतु निर्माण परियोजना का शिलान्यास एवं भूमिपूजन सम्पन्न
शाहजहाँपुर,। जनपद के ग्राम हथौरिया के पश्चिमी कोने से पीपल घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर खन्नौत नदी पर सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षाात्मक कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह आज सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी ने भूमि पूजन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर सेतु निर्माण हेतु भूमि पूजन संपन्न किया तथा बटन दबाकर परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।परियोजना प्रबंधक विजेन्द्र कुमार मौर्य ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित सेतु की कुल लंबाई 107.08 मीटर होगी तथा इस परियोजना के लिए 1874.81 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि सेतु निर्माण पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी तथा आसपास के क्षेत्रों का संपर्क और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि शाहजहाँपुर को नगर निगम का दर्जा दिलाने तथा स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप जनपद विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हथौड़िया से मऊ शाहजहाँपुर मार्ग पर खन्नौत नदी पर बनने वाला यह सेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे क्षेत्र के लोगों को नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि सेतु निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा होगी, यात्रा की दूरी एवं समय दोनों में कमी आएगी तथा लोग कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि पुल की चौड़ाई पर्याप्त रखी जा रही है, जिससे भारी वाहनों का आवागमन सुगमता से हो सकेगा तथा दो बड़े वाहन आमने-सामने आने पर भी सुरक्षित रूप से एक-दूसरे को पार कर सकेंगे। यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं व्यापारिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति लागू की गई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश के लगभग 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है, जिससे विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये तथा अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया है। साथ ही शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।मंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में देश एवं प्रदेश में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से एक क्लिक के माध्यम से करोड़ों किसानों के खातों में 2,000 रुपये की धनराशि बिना किसी कटौती के सीधे हस्तांतरित की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांव-गांव तक विद्युत कनेक्शन पहुंचाने का कार्य किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। प्रदेश सरकार द्वारा स्कूली बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की व्यवस्था हेतु प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। यह धनराशि बिना किसी कटौती के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे बच्चों को आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
Suresh Kumar Khanna