समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय ,
प्रेस विज्ञप्ति:- 958,
दिनांक 23 जुलाई 2026,
==================
जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. के निर्देशानुसार दिनांक 23 जुलाई 2026 को नगर परिषद कसबा परिसर में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत एक विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शिविर में योजना से संबद्ध विभिन्न बैंकों, जिनमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूको बैंक तथा उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शामिल हैं, द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर पथ विक्रेताओं को ऋण, आवेदन एवं अन्य आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जागरूकता एवं पंजीकरण हेतु भी विशेष स्टॉल लगाया गया।
शिविर में 300 से अधिक विक्रेताओं एवं लाभुकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर 61 पात्र लाभुकों को ₹15,000-₹15,000 की प्रथम ऋण किस्त का ऑनलाइन माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरण किया गया। साथ ही पूर्व से लंबित आवेदनों का सत्यापन एवं अद्यतन (अपडेट) कर पात्र लाभुकों को शीघ्र योजना का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोगों ने योजना की जानकारी प्राप्त की तथा कई इच्छुक नागरिकों ने मौके पर ही अपना पंजीकरण भी कराया।
नगर परिषद कसबा शहरी क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने हेतु इस प्रकार के विशेष शिविरों का नियमित आयोजन करता रहेगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Purnia, Bihar | Jul 23, 2026