हरदोई गैंगस्टर आरोपी कुलदीप अग्रवाल उर्फ़ गुड्डू की 33.96 लाख की संपत्ति कुर्क
हरदोई में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क, देहात पुलिस ने प्लॉट और टोयोटा इनोवा पर की कार्रवाई, एसपी के निर्देश पर चला अभियान
हरदोई में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक आरोपी की करीब 33.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के नाम दर्ज एक प्लॉट और टोयोटा इनोवा कार को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया। कार्रवाई के बाद अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्तों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 जून 2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस ने थाना कोतवाली शहर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में नामजद आरोपी कुलदीप अग्रवाल उर्फ गुड्डू कुमार अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप अग्रवाल उर्फ गुड्डू कुमार अग्रवाल निवासी विश्राम भवन, रेलवेगंज, थाना कोतवाली शहर, हरदोई ने आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की थी। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में उसकी संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया।
कुर्क की गई संपत्तियों में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बेहटी चौराहा स्थित लगभग 1800 वर्ग फीट क्षेत्रफल के चार प्लॉट शामिल हैं। इन प्लॉटों की अनुमानित कीमत 13 लाख 96 हजार 350 रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी की टोयोटा इनोवा कार संख्या यूपी-32-एनएक्स-8111, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, को भी कुर्क कर लिया गया। दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 33 लाख 96 हजार 350 रुपये आंकी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कोतवाली शहर थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
कुर्की की कार्रवाई नायब तहसीलदार हरदोई सदर देवेंद्र नाथ, लेखपाल अजय कुमार श्रीवास्तव तथा कोतवाली देहात पुलिस टीम की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा
Hardoi, Hardoi | Jun 17, 2026