श्री भागवत प्रसाद सिंह मेमोरियल बीएड कॉलेज में परिचय सत्र एवं मिलन समारोह संपन्न
2026-28 सत्र के नवनामांकित प्रशिक्षुओं को पाठ्यक्रम की दी गई जानकारी, 2022-24 के टॉप-10 प्रशिक्षु सम्मानित
औरंगाबाद जिला के देव मोड़ स्थित श्री भागवत प्रसाद सिंह मेमोरियल बीएड कॉलेज में रविवार को शिक्षक, अभिभावक एवं बीएड 2026-28 सत्र के नवनामांकित प्रशिक्षुओं का मिलन समारोह एवं "पाठ्यक्रम परिचय सत्र" कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों डॉ. विकास कुमार सिंह एवं डॉ. विवेक कुमार सिंह ने मां सरस्वती एवं संस्थापक स्व. श्री भागवत प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की। निधि एवं समूह ने सरस्वती वंदना तथा सोनी एवं समूह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार यादव ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि बीएड प्रशिक्षण में शिक्षण के विभिन्न कौशलों का विकास किया जाता है। विभागाध्यक्ष जय प्रकाश पाल ने कॉलेज की 2008 से अब तक की शैक्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार सिंह ने मगध विश्वविद्यालय के बीएड पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।मुख्य वक्ता डॉ. विकास कुमार सिंह ने अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया। फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक कुमार सिंह ने ध्यान केंद्रित कर सीखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर बीएड सत्र 2022-24 के टॉप-10 प्रशिक्षुओं को प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में दीपक कुमार पाठक, विष्णु एवं मुकेश ने प्रस्तुति दी। मंच संचालन सोनाली एवं रचना ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विकास चौबे ने किया। कार्यक्रम में ब्रजेन्द्र कुमार, सुदामा सिंह यादव, राम विजय चौरसिया सहित कई शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे।
Madanpur, Aurangabad | Aug 3, 2026