चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के बोर्ड गठन से पहले RLP की निर्वाचित सदस्य शंकरी बाई को लेकर सियासत लगातार गर्म होती जा रही है। पंचायत समिति में उनकी एक सीट का महत्व बढ़ने के साथ ही अब मामला सड़क पर भी पहुंच गया है।
सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पर बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में मेवाड़ के कई जिलों से पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे और साफ कहा कि शंकरी बाई के मामले में पार्टी की राय के बिना कोई फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शंकरी बाई को वापस लाने, किसी भी दल को पार्टी की मंजूरी के बिना समर्थन नहीं देने और उन्हें ही पंचायत समिति का प्रधान बनाने की मांग उठाई।
पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ भी विरोध जताया।