मुजफ्फरपुर में शहीद पुलिसकर्मियों को नमन, रेल एसएसपी बीना कुमारी ने अर्पित किया पुष्पचक्र
कर्तव्य की राह में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को याद कर मुजफ्फरपुर में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर रेल जिला मुजफ्फरपुर पुलिस परिवार ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।
बुधवार को बैरिया स्थित न्यू पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता रेल वरीय पुलिस अधीक्षक श्रीमती बीना कुमारी ने की। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश और समाज की सुरक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
एसएसपी बीना कुमारी ने कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका बलिदान पुलिस विभाग के प्रत्येक कर्मी को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही शहीद जवानों के नामों का वाचन कर उनके योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर रेल डीएसपी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, रेल जिला के सभी थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देश और समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण की अमिट मिसाल है। उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
📍तिरहुत नाउ — सच की आवाज, जनता के साथ।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #PoliceSmritiDiwas #शहीदपुलिसकर्मी #BiharPolice
Musahri, Muzaffarpur | Oct 21, 2026