*प्रखंड मुख्यालय में बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ दीप ज्योति संस्थान ने चलाया जागरूकता अभियान*
मदनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुद्देशीय भवन में मंगलवार को बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से दीप ज्योति कल्याण संस्थान द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर "बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त मदनपुर" बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक संजीव कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि पंकज कुमार, BRC विजय कुमार सिंह एवं दीप ज्योति कल्याण संस्थान के जिला समन्वयक रितेश कुमार उपस्थित रहे। संस्था की CSW सरिता कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
श्रम अधीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि "18 साल से कम उम्र की बेटी की शादी और 14 साल से कम बच्चे से मजदूरी कराना दोनों कानूनन अपराध हैं। इसके लिए माता-पिता, नियोक्ता और पंचायत प्रतिनिधि सभी जिम्मेदार होंगे"। उन्होंने बताया कि बाल श्रम की शिकायत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर की जा सकती है।
BRC विजय कुमार सिंह ने शिक्षकों से अपील की कि स्कूल से अनुपस्थित बच्चों की सूची बनाकर तुरंत प्रशासन को दें। जिला समन्वयक रितेश कुमार ने कहा कि "बेटी को 18 तक पढ़ाओ, वो बोझ नहीं लाठी बनेगी। बाल श्रम कराने से उसका बचपन मर जाता है"।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्परिणाम दिखाए गए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने 18 से पहले शादी नहीं करने और किसी भी बच्चे से काम नहीं कराने की शपथ ली।