मांधना में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 55 मरीजों ने उठाया लाभ
वीनस फाउंडेशन और पारस हॉस्पिटल पंचकूला की संयुक्त पहल, मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं
मांधना (मोरनी), 14 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वीनस फाउंडेशन एवं पारस हॉस्पिटल, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में मांधना गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 55 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और सभी मरीजों को वीनस फाउंडेशन की ओर से निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में मांधना गांव के सरपंच पंच पाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, वीनस फाउंडेशन की चेयरपर्सन एकता चौधरी ने भी शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गांव पहुंचने पर सरपंच एवं पंचायत सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पारस हॉस्पिटल के कॉर्पोरेट मैनेजर राजेश सचदेवा, वीनस फाउंडेशन के रिलेशनशिप मैनेजर राकेश ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वीनस फाउंडेशन की चेयरपर्सन एकता चौधरी ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर बेहद जरूरी हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियां जारी रखेगा।
वहीं, सरपंच पंच पाल शर्मा ने वीनस फाउंडेशन और पारस हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर से गांव के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच करवाने और निःशुल्क दवाइयां प्राप्त करने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि मांधना गांव में दोनों संस्थाओं के सहयोग से यह दूसरा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से संस्थाओं ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
#समाचार_संसार_न्यूज़_24
#सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण
Panchkula, Panchkula | Nov 14, 2026