पुलिस भर्ती परीक्षा पर डीएम-एसपी की पैनी नजर, परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश
संतकबीरनगर, ।उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी को रोकने के लिए सघन निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
नेहरू कृषक इंटर कॉलेज और सरदार पटेल इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का किया निरीक्षण, सीसीटीवी कंट्रोल रूम व डायल-112 को रखा गया अलर्ट।