पुर्थी में जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन
पुर्थी (पांगी)। शहीद दीना नाथ ठाकुर मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुर्थी में आयोजित जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में पुर्थी, शौर, थान्दल और रेई विद्यालयों के छात्र-खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ग्राम पंचायत रेई के प्रधान केवल राम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांगी के उपाध्यक्ष एवं को-ऑर्डिनेटर देव राज राणा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रेई के एसएमसी अध्यक्ष लाल बहादुर शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाठशाला के प्रधानाचार्य तिलक राज शर्मा ने की। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार खतड़ा व बैज पहनाकर स्वागत किया गया।
फाइनल मुकाबलों के बाद मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों और प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान केवल राम शर्मा ने विद्यार्थियों को खेलकूद में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
देव राज राणा ने पांगी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि उचित मंच और मार्गदर्शन मिलने पर यहां के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। एसएमसी अध्यक्ष लाल बहादुर शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य तिलक राज शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए चारों विद्यालयों से आए शारीरिक शिक्षकों, प्रभारियों और छात्र-खिलाड़ियों का आभार जताया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों को भी बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए धन्यवाद दिया।
समापन समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत समापन किया गया।
#Pangi #Purthi #Killar #HimachalPradesh #SportsCompetition #ZonalSports #SchoolSports #StudentAthletes #SportsTalent #YouthSports #Sportsmanship #PangiValley #HimachalNews #HimSandesh #BreakingNews हिम संदेश Pangi Valley Pangi Live News The Voice of Pangwal चल जान पांगी
Saach, Chamba | Sep 29, 2026