चित्तौड़गढ़ में ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली का भव्य स्वागत, विजय स्तंभ से किया फ्लैग ऑफ।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली का शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ आगमन हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने रैली में शामिल विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के अधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक ने उपस्थित सभी को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। इसके पश्चात ऐतिहासिक विजय स्तंभ, दुर्ग चित्तौड़गढ़ से रैली को फ्लैग ऑफ कर उदयपुर के लिए रवाना किया गया। रैली को रवाना करने के बाद इसमें शामिल अधिकारियों ने ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण किया तथा दुर्ग की गौरवशाली विरासत एवं स्थापत्य कला की प्रशंसा की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के एकतानगर में 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के तहत यह रैली निकाली जा रही है। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली-2026 (नॉर्दर्न जोन-01) में विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के अधिकारी शामिल हैं।