बोकारो जिला के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-23रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर पेटरवार इंडियन पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को हाईवा की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार मृतक के भतीजे को कोई चोट नहीं आई।घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार पुलिस एवं बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति घटनास्थल पर पहुंचीं और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के घर में छठ महापर्व का आयोजन हो रहा था। इसी सिलसिले में वह छठ पूजा की आवश्यक सामग्री की खरीदारी करने रांची गए थे। खरीदारी कर रांची से वापस लौटने के दौरान पेटरवार इंडियन पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक को एक हाईवा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर उनके भतीजे भी सवार थे, जो इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। छठ महापर्व की तैयारी के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।