भरमौर में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
उपमंडल प्रशासन के सामूहिक योग कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपमंडल प्रशासन भरमौर द्वारा रविवार को सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का आधार बताया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग हमें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने तथा जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर सुदृढ़ होने के साथ-साथ आत्मविश्वास, एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
उपमंडल प्रशासन ने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रशासन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने विश्व स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज के निर्माण के लिए नियमित योगाभ्यास को अपनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।