चक्रधरपुर : आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी पोड़ाहाट, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर तथा प्रशिक्षु आईएएस ने विभिन्न मुहर्रम जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। जुलूस मार्गों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत एवं आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
प्रशासन ने मुहर्रम कमेटियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा प्रत्येक जुलूस की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों द्वारा उच्च न्यायालय एवं राज्य सरकार के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा गया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए।
प्रशासन द्वारा सभी अखाड़ा समितियों एवं आम नागरिकों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर विद्युत विभाग के पदाधिकारी, नगर परिषद चक्रधरपुर के कर्मी, मुहर्रम कमेटी के सदस्य तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।