AI तस्वीर में कांग्रेस का पंजा दिखने पर सियासी चर्चा, विधायक श्याम प्रकाश ने पोस्ट हटाकर दी सफाई
हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश की सोशल मीडिया पोस्ट ने जिले की सियासत में अचानक हलचल पैदा कर दी। विधायक ने तिरंगे के साथ AI से तैयार की गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें उनके गले में पड़े गमछे पर कांग्रेस का चुनाव चिन्ह हाथ का पंजा दिखाई दिया। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके कांग्रेस में जाने की अटकलें लगने लगीं।
विवाद बढ़ता देख विधायक श्याम प्रकाश ने कुछ समय बाद उक्त तस्वीर को सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया और उसकी जगह दूसरी तस्वीर साझा की। इसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि तस्वीर AI से बनाई गई थी और उसमें गलती से कांग्रेस का चुनाव चिन्ह दिखाई दे गया।
विधायक ने कांग्रेस में जाने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि वह कांग्रेस में जाकर राजनीतिक आत्महत्या करने जितने मूर्ख नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI से तस्वीर तैयार करते समय हुई गलती के कारण कांग्रेस का चुनाव चिन्ह तस्वीर में आ गया था।
विधायक की पोस्ट और उसके बाद दी गई सफाई को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, तस्वीर को लेकर उठी राजनीतिक चर्चाओं के बीच विधायक ने कांग्रेस में शामिल होने की किसी भी संभावना से इनकार कर दिया है।
Bilgram, Hardoi | Aug 15, 2026